BreakingChhattisgarhExclusive

Chhattisgarh | दुर्ग की तारा साहू को मिला ‘उत्कृष्ट बीसी सखी’ सम्मान

Chhattisgarh: Tara Sahu of Durg receives ‘Outstanding BC Sakhi’ award

रायपुर। दुर्ग जिले की नंदिनीखुर्दनी ग्राम पंचायत की श्रीमती तारा साहू को ग्रामीण स्तर पर उत्कृष्ट बैंकिंग सेवाएँ प्रदान करने के लिए ‘उत्कृष्ट बीसी सखी अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यशाला में छत्तीसगढ़ एसआरएलएम के मिशन संचालक द्वारा प्रदान किया गया। उनकी अनुपस्थिति में यह सम्मान एमीन दीदी ने ग्रहण किया।

श्रीमती तारा साहू ने वर्ष 2018 में बिहान स्वसहायता समूह से जुड़कर बीसी (बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट) सखी के रूप में काम शुरू किया। शुरुआती दौर में संसाधनों की कमी और तकनीकी चुनौतियों के बावजूद उन्होंने प्रशिक्षण लेकर अपना कार्य आगे बढ़ाया। आजीविका मिशन से मिली सहायता राशि से उन्होंने लैपटॉप खरीदा और बैंक ऑफ इंडिया, शाखा पथरिया से जुड़कर ग्रामीणों को नियमित सेवाएँ देना शुरू किया।

आज तारा साहू 4500 से अधिक बैंक खाते खोल चुकी हैं और नंदिनीखुर्दनी सहित आसपास के छह गांवों में घर-घर जाकर नकद जमा-निकासी, नए खाते, बिजली बिल भुगतान, फसल बीमा आवेदन और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएँ उपलब्ध करा रही हैं।

जहाँ ग्रामीण क्षेत्रों में बैंक शाखाएँ सीमित हैं, वहाँ तारा साहू ने लोगों को बैंकिंग सेवाएँ उनके घर तक पहुंचाकर बड़ी भूमिका निभाई है। बीसी सखी के रूप में किए गए लेनदेन से मिलने वाले कमीशन के जरिए उन्हें हर महीने 10 से 11 हजार रुपये की स्थायी आय होती है, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।

श्रीमती तारा साहू का सफर इस बात का उदाहरण है कि प्रशिक्षण, निरंतरता और मेहनत के साथ ग्रामीण महिलाएँ न सिर्फ खुद को, बल्कि पूरे समुदाय को आर्थिक रूप से सक्षम बना सकती हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button