छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंप्रशासनिक

छत्तीसगढ़ में AI से होगी पीएमजीएसवाई सड़कों की निगरानी, डिप्टी सीएम विजय शर्मा का बड़ा फैसला

रायपुर, 10 जुलाई। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनी ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता और रखरखाव अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को एआई आधारित सड़क निरीक्षण प्रणाली को जल्द लागू करने के निर्देश दिए हैं।

नई व्यवस्था के तहत राज्य की प्रत्येक पीएमजीएसवाई सड़क का हर महीने वीडियो आधारित निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए एआई आधारित मोबाइल ऐप और डैशबोर्ड तैयार किया गया है, जो सड़क पर मौजूद गड्ढों, दरारों और अन्य क्षतियों की स्वतः पहचान कर उनकी वास्तविक स्थिति का विश्लेषण करेगा। इससे निरीक्षण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सटीक और प्रभावी होगी।

समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि एआई से प्राप्त डेटा के आधार पर सबसे अधिक क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता तय की जाएगी। इसके अनुरूप मरम्मत और संधारण की कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध तरीके से काम शुरू कराया जाएगा, जिससे सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

सरकार इस नई व्यवस्था की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में करेगी। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि 11 जुलाई से प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक-एक चयनित सड़क का एआई आधारित निरीक्षण शुरू किया जाए। शुरुआती परिणामों के विश्लेषण के बाद इस प्रणाली को पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।

सरकार का मानना है कि एआई तकनीक के उपयोग से सड़कों की समय पर मरम्मत संभव होगी, उनकी गुणवत्ता और आयु बढ़ेगी तथा ग्रामीण सड़क नेटवर्क की निगरानी पहले की तुलना में अधिक प्रभावी हो सकेगी।

बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, सचिव भीम सिंह, सचिव धर्मेश साहू, प्रधानमंत्री आवास योजना के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा, एनआरएलएम के संचालक अश्वनी देवांगन सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button