BreakingChhattisgarhExclusive

Chhattisgarh | फर्जी शिकायतों पर वोटर लिस्ट से नाम काटने का आरोप, कांग्रेस नेता ने की शिकायत

Chhattisgarh: Congress leader files complaint alleging deletion of names from voter list based on fake complaints

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची से नाम काटे जाने को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महासचिव और मीडिया पैनलिस्ट शारिक रईस खान ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर फर्जी शिकायतों के आधार पर नाम हटाने की साजिश का आरोप लगाया है।

अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि एसआईआर (विशेष पुनरीक्षण) प्रक्रिया के नाम पर कुछ स्थानों पर बिना समुचित जांच के मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। आरोप है कि अज्ञात शिकायतकर्ताओं की ओर से बीएलओ के पास बड़ी संख्या में फॉर्म-7 भेजे जा रहे हैं, जिसके आधार पर वास्तविक और वैध मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं।

कांग्रेस नेता का कहना है कि रायपुर के सेंट्री नगर, बैजनाथपारा, राजातालाब, संजय नगर, जवाहर नगर और मोतीबाग जैसे इलाकों से लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला बताते हुए गंभीर चिंता जताई है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि बिना सत्यापन के नाम काटने की प्रक्रिया पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई, तो बड़ी संख्या में पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित हो सकते हैं।

शारिक रईस खान ने मांग की है कि

– अज्ञात शिकायतों के आधार पर किसी भी वैध मतदाता का नाम न काटा जाए।
– हर शिकायतकर्ता का नाम सार्वजनिक किया जाए और फर्जी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई हो।
– नाम हटाने से पहले स्थल सत्यापन और उचित जांच अनिवार्य की जाए।

उन्होंने प्रशासन से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की अपील की है, ताकि किसी भी नागरिक के मताधिकार का हनन न हो।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button