Chhattisgarh: नारायणपुर में नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद, बीएसएफ ने हथियार, विस्फोटक और संचार उपकरण किए जब्त

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले को नक्सलमुक्त घोषित किए जाने के बाद सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बीएसएफ की 133वीं वाहिनी को बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने ग्राम कदेर के समीप जंगल में जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया नक्सलियों का एक बड़ा डंप बरामद किया है।
सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री, संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, चिकित्सा सामग्री, नक्सली साहित्य तथा दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री जब्त की। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस डंप का इस्तेमाल नक्सली भविष्य की वारदातों और गतिविधियों के लिए करने वाले थे।
44 बीजीएल शेल मौके पर किए गए नष्ट

बरामद सामग्री में मिले 44 बीजीएल (BGL) शेल सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील पाए गए। इसके बाद बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) मौके पर पहुंचा और सभी शेल को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर वहीं नष्ट कर दिया, जिससे किसी भी प्रकार की संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।
लगातार जारी है सर्च ऑपरेशन
सुरक्षा बलों का कहना है कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जिले के संवेदनशील इलाकों में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों को बरामद कर नक्सल नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने भी डंप बरामद होने और 44 बीजीएल शेल को बीडीएस द्वारा सुरक्षित तरीके से नष्ट किए जाने की पुष्टि की है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
ये हथियार बरामद
- एक 303 राइफल
- छह 315 राइफल
- एक 12 बोर बंदूक
- दो बीजीएल
- विभिन्न प्रकार के 179 कारतूस
- 303 राइफल की मैगजीन
- आरएफ डिटेक्टर
- एंटीना
- आइडी आपरेटिंग मैकेनिज्म
- जीपीएस
- नक्सली वर्दी
- नक्सली बैनर-फोटो
- नक्सली साहित्य
- चिकित्सा सामग्री
- जनरेटर मैनुअल
- छह पेन ड्राइव
- 78 मेमोरी कार्ड
- अन्य दैनिक उपयोगी सामग्री



