छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंराजनीतिकवायरल खबरें

MP BJP बैठक: मंत्रियों की परफॉर्मेंस का होगा रिपोर्ट कार्ड, सीएम मोहन यादव और संगठन लेंगे 11 बिंदुओं पर फीडबैक

भोपाल। मध्य प्रदेश में सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मंत्रियों की कार्यशैली की समीक्षा का बड़ा कार्यक्रम तय किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा संगठन के शीर्ष नेता रविवार से शुरू हो रही दो दिवसीय बैठक में मंत्रियों के कामकाज, राजनीतिक गतिविधियों और संगठन के साथ समन्वय की विस्तार से समीक्षा करेंगे।

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद रहेंगे। सभी मंत्री अलग-अलग सत्रों में वरिष्ठ नेताओं के सामने अपने विभाग और राजनीतिक गतिविधियों का फीडबैक देंगे।

11 प्रमुख बिंदुओं पर होगी समीक्षा

सूत्रों के मुताबिक बैठक में करीब 11 अहम बिंदुओं पर चर्चा होगी। इसमें मंत्रियों के गृह जिलों और उनके प्रभार वाले जिलों की राजनीतिक स्थिति, संगठन के साथ समन्वय, सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन और जनता के बीच उनकी सक्रियता का आकलन किया जाएगा।

2023 में हारी सीटों पर रहेगा विशेष फोकस

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की हारी हुई सीटों की समीक्षा रहेगा। इन सीटों पर हार के कारणों का विश्लेषण किया जाएगा और आगामी चुनावों के लिए संगठन व सरकार की संयुक्त रणनीति तैयार की जाएगी। मंत्रियों से इन क्षेत्रों की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन की मजबूती को लेकर भी फीडबैक लिया जाएगा।

सरकार-संगठन के तालमेल पर जोर

भाजपा नेतृत्व चाहता है कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से मंत्रियों के कार्यों, जनसंपर्क, संगठनात्मक सक्रियता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की भी समीक्षा की जाएगी।

दो दिवसीय मंथन के बाद भाजपा नेतृत्व आगामी राजनीतिक रणनीति, संगठन विस्तार और सरकार की प्राथमिकताओं को लेकर आगे की कार्ययोजना तैयार करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button