J.P. Nadda का विपक्ष पर हमला, बोले- पेपर लीक पर राहुल गांधी का रवैया चयनात्मक क्यों?

नई दिल्ली। संसद में परीक्षा प्रश्नपत्र लीक (पेपर लीक) के मुद्दे पर सियासी बहस तेज हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पेपर लीक के मामलों पर विपक्ष का रवैया चयनात्मक है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से सवाल किया कि अलग-अलग राज्यों में सामने आए ऐसे मामलों पर उनकी प्रतिक्रिया एक जैसी क्यों नहीं रही।
जे.पी. नड्डा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सर्विस सेलेक्शन बोर्ड की परीक्षा, हिमाचल प्रदेश में स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षा, झारखंड में जेएसी की हिंदी और विज्ञान की परीक्षाओं तथा तेलंगाना में इंटरमीडिएट भाषा परीक्षा और एसएससी परीक्षा में पेपर लीक के मामले सामने आए।
उन्होंने आगे कहा कि तमिलनाडु में बी.एड. परीक्षा, पश्चिम बंगाल में पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा, पंजाब में पंजाब सबऑर्डिनेट सर्विसेज सेलेक्शन बोर्ड की ग्रुप-डी परीक्षा और कर्नाटक में भी परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा केरल में लोक सेवा आयोग (PSC) की कई परीक्षाओं में अनियमितताओं के आरोप लगे थे।
भाजपा नेता ने दावा किया कि ये केवल कुछ उदाहरण हैं और देश के विभिन्न राज्यों में समय-समय पर इस तरह की घटनाएं सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक का मुद्दा किसी एक राज्य या एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक गंभीर राष्ट्रीय चुनौती है, जिस पर निष्पक्ष दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है।
जे.पी. नड्डा ने राहुल गांधी से सवाल करते हुए कहा कि यदि छात्रों के भविष्य की चिंता है तो सभी राज्यों में हुई ऐसी घटनाओं पर समान रूप से आवाज उठाई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस मुद्दे को राजनीतिक नजरिए से देख रहा है।
हालांकि, विपक्ष का आरोप है कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। इस मुद्दे को लेकर संसद के भीतर और बाहर राजनीतिक बयानबाजी लगातार जारी है।



