Raigarh: घर बैठे मिलेंगे मुफ्त पौधे, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शुरू की नई पहल

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शुक्रवार को रायगढ़ में वन विभाग की अभिनव पहल के तहत निःशुल्क पौधा वितरण वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल कर उन्हें पेड़ बनाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही हरित छत्तीसगढ़ का सपना साकार होगा।
एक कॉल पर घर पहुंचेगा मुफ्त पौधा
वन विभाग की इस अनूठी योजना के तहत रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के नागरिक अब सिर्फ एक फोन कॉल पर अपने घर तक निःशुल्क पौधे मंगवा सकेंगे। इसके लिए विभाग ने टोल फ्री नंबर 1800-233-2631 जारी किया है। इसके अलावा वैन चालक के मोबाइल नंबर 8305186853 पर संपर्क कर भी पौधों की मांग की जा सकती है।
फलदार और छायादार पौधे होंगे उपलब्ध
पौधा वितरण वैन में पीपल, बरगद, आम, जामुन और मुनगा (सहजन) सहित कई प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे उपलब्ध हैं। वन विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना और शहर में हरित आवरण बढ़ाना है।
एक माह तक चलेगा विशेष अभियान
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह विशेष पौधा वितरण अभियान फिलहाल एक माह तक संचालित किया जाएगा। यदि बारिश का मौसम अनुकूल रहा और लोगों की मांग बढ़ी तो अभियान की अवधि आगे भी बढ़ाई जा सकती है।
जनप्रतिनिधियों ने लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प
कार्यक्रम में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, महापौर जीवर्धन चौहान और डीएफओ अरविंद पीएम सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नागरिकों से अपील की कि वे केवल पौधे लगाकर ही न छोड़ें, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें पेड़ बनने तक संरक्षित रखें।
वन विभाग की यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को प्रकृति से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।



