छत्तीसगढ़

तेंदुए की खाल तस्करी का भंडाफोड़, नारायणपुर में 3 आरोपी गिरफ्तार

नारायणपुर। जिले के धौड़ाई वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तेंदुए की खाल के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तेंदुए की खाल के अलावा दो बाइक भी जब्त की गई हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गश्त के दौरान पकड़े गए संदिग्ध

वन विभाग के अनुसार, 8 अगस्त को धौड़ाई वन परिक्षेत्र के गायतापारा सड़क किनारे वन विभाग की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान दो बाइक पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से तेंदुए की खाल बरामद हुई।

184 सेंटीमीटर लंबी है तेंदुए की खाल

वन विभाग ने बताया कि बरामद तेंदुए की खाल की लंबाई 184 सेंटीमीटर है। इसके सामने के पैरों के बीच की लंबाई 125 सेंटीमीटर, पिछले पैरों के बीच की लंबाई 118 सेंटीमीटर और पेट की चौड़ाई 55 सेंटीमीटर दर्ज की गई है।

मामले में सोनूराम कचलाम (39), निवासी रोहताड़, छोटेडोंगर, पुनीत कुमार बघेल (32), निवासी छोटेडोंगर और जमधर पोटाई (50), निवासी तारागांव, धौड़ाई को गिरफ्तार किया गया है।

वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई

तीनों आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपियों को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, नारायणपुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

खाल कहां से आई, जांच में जुटा वन विभाग

वन विभाग अब मामले की विस्तृत जांच कर रहा है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तेंदुए की खाल आरोपियों के पास कहां से आई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था। वन विभाग संभावित वन्यजीव तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button