CG Suicide News: पति-पत्नी की संदिग्ध मौत, किराए के मकान में फंदे पर मिले शव

रायपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से पति-पत्नी की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। नयापारा वार्ड नंबर 12 स्थित किराए के मकान में मंगलवार सुबह दोनों के शव फंदे पर मिले। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
मृतकों की पहचान रमेश सिंह बंजारा और उनकी पत्नी माया बंजारा के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जामकछार के रहने वाले थे। वे अपने दो बच्चों के साथ बिलासपुर में किराए के मकान में रहते थे। रमेश इंडस्ट्रियल इलाके की एक कंपनी में काम करते थे।

बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पहुंचा मकान मालिक
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 5 बजे मकान से बच्चों के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर मकान मालिक रमेश कुमार साहू वहां पहुंचे। कमरे के अंदर पति-पत्नी को फंदे पर लटका देखकर उन्होंने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
घटना के बाद दोनों मासूम बच्चे बेसहारा हो गए हैं। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।



