ताज़ा खबरें

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिले सरगुजा के मेधावी विद्यार्थी, कहा- बड़े सपने देखें और मेहनत से उन्हें साकार करें

सरगुजा। सरगुजा जिले के ग्रामीण अंचलों से शैक्षणिक भ्रमण पर आए मेधावी छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अंबिकापुर क्षेत्र के सात शासकीय विद्यालयों से आए करीब 50 विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उनके अनुभव, रुचियों तथा भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान देखा गया सपना और उसे पूरा करने के लिए किया गया परिश्रम जीवन की दिशा तय करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए अनुशासन, लगन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

सफलता सिर्फ डॉक्टर-इंजीनियर बनने तक सीमित नहीं

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता का अर्थ केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनना नहीं है। आज युवाओं के लिए शिक्षा, विज्ञान, अनुसंधान, खेल, तकनीक, प्रशासन और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के व्यापक अवसर मौजूद हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में अलग प्रतिभा और रुचि होती है। जरूरी है कि विद्यार्थी अपनी क्षमता को पहचानें, सही लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयास करें। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ प्रदेश की विभिन्न प्रतिभाओं और उपलब्धि हासिल करने वाले व्यक्तित्वों के प्रेरक प्रसंग भी साझा किए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिले सरगुजा के मेधावी विद्यार्थी, कहा- बड़े सपने देखें और मेहनत से उन्हें साकार करें

ग्रामीण विद्यार्थियों को मिल रहे बड़े संस्थानों को देखने के अवसर

मुख्यमंत्री साय ने ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों के लिए आयोजित शैक्षणिक भ्रमण की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों से परिचित कराने वाली ऐसी पहल उनके भीतर नई जिज्ञासा पैदा करती है और उनके सपनों को नया विस्तार देती है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विस्तार हुआ है और प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के कई प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध हों।

विद्यार्थियों ने IIM और ट्रिपल IT सहित कई संस्थानों का किया भ्रमण

शैक्षणिक भ्रमण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनकालों, बकिरमा, सुखरी, रामपुर, मेंड्राकला और करजी तथा शासकीय सेजेस केशवपुर के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM), भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल IT), ट्राइबल म्यूजियम और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय सहित विभिन्न प्रमुख संस्थानों और स्थलों का अवलोकन किया।

विद्यार्थियों ने इन संस्थानों की शैक्षणिक गतिविधियों, अध्ययन के अवसरों और भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी हासिल की। राजधानी और नवा रायपुर के प्रतिष्ठित संस्थानों को करीब से देखने का अनुभव विद्यार्थियों के लिए उत्साहवर्धक और प्रेरणादायक रहा।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी किया विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन पूरे जीवन की मजबूत नींव तैयार करता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह मजबूत भवन के लिए मजबूत नींव जरूरी होती है, उसी तरह उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, परिश्रम और समय का सदुपयोग बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने विद्यार्थियों से इस महत्वपूर्ण समय का उपयोग अपने लक्ष्य को पहचानने, ज्ञान अर्जित करने और व्यक्तित्व निर्माण के लिए करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता, विद्यालय तथा प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर, शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button