BJP में बड़ा संगठनात्मक बदलाव: रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की कमान, म्हस्के संभालेंगे सोशल मीडिया

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में कई वरिष्ठ नेताओं के साथ नए चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। संगठनात्मक बदलाव के तहत छत्तीसगढ़ से सांसद रूप कुमारी चौधरी और भाजपा नेता दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय स्तर पर अहम दायित्व मिला है।
महासमुंद से सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं दीपक म्हस्के को पार्टी के राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।
रूप कुमारी चौधरी को मिली बड़ी जिम्मेदारी
रूप कुमारी चौधरी छत्तीसगढ़ भाजपा की जमीनी राजनीति से जुड़ी प्रमुख महिला नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने जिला पंचायत सदस्य से राजनीतिक सफर शुरू किया और आगे चलकर विधायक, प्रदेश संगठन में पदाधिकारी तथा सांसद की जिम्मेदारी संभाली।

वर्ष 2013 में उन्होंने बसना विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधायक के रूप में विधानसभा में प्रवेश किया था। इसके बाद संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में वह महासमुंद से सांसद निर्वाचित हुईं।
महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति को छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पार्टी के महिला संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व देने के साथ ही उन्हें देशभर में महिला कार्यकर्ताओं के बीच संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।
दीपक म्हस्के को डिजिटल मोर्चे की कमान
भाजपा ने छत्तीसगढ़ के नेता दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाकर पार्टी के डिजिटल और सोशल मीडिया नेटवर्क की जिम्मेदारी दी है। इससे पहले भी वह पार्टी की संचार और डिजिटल गतिविधियों से जुड़े रहे हैं।
म्हस्के की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब भाजपा चुनावी राजनीति में सोशल मीडिया, डिजिटल कैंपेन और डेटा आधारित प्रचार को लगातार मजबूत कर रही है। उन्हें पार्टी के डिजिटल आउटरीच को अधिक प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी मिलेगी।
नई टीम में कई बड़े बदलाव
नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम में संगठन के कई प्रमुख पदों पर बदलाव किए गए हैं। राष्ट्रीय टीम में 13 उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिव समेत कई पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और वरिष्ठ नेता राम माधव समेत कई अनुभवी चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।
नई टीम में महिलाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक नई राष्ट्रीय टीम में 10 महिला और 6 अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े नेताओं को जगह मिली है।
छत्तीसगढ़ से दो नेताओं को राष्ट्रीय जिम्मेदारी
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ से रूप कुमारी चौधरी और दीपक म्हस्के को मिली जिम्मेदारी को प्रदेश संगठन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। एक ओर रूप कुमारी चौधरी के जरिए महिला संगठन को राष्ट्रीय नेतृत्व मिला है, वहीं दूसरी ओर दीपक म्हस्के की नियुक्ति से छत्तीसगढ़ की भागीदारी पार्टी के डिजिटल संगठन में बढ़ी है।
पार्टी की नई टीम को आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा ने नई टीम में अनुभव और नए चेहरों के संतुलन के साथ संगठन को आगे बढ़ाने का संकेत दिया है।



