Governmentछत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंप्रशासनिकवायरल खबरें

माना में बैंकिंग जागरूकता कार्यक्रम, पुलिसकर्मियों को वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के बताए उपाय

रायपुर। व्हीआईपी सुरक्षा वाहिनी, माना-रायपुर में पुलिस अधिकारियों और जवानों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय प्रबंधन और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष बैंकिंग जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। 17 अगस्त 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के विशेषज्ञों ने जवानों को महत्वपूर्ण बैंकिंग जानकारियां दीं।

सेनानी पूजा अग्रवाल की पहल और निर्देशानुसार आयोजित कार्यशाला में भारतीय स्टेट बैंक, शाखा तेलीबांधा, रायपुर के अधिकारियों ने पुलिस सैलरी पैकेज, रिश्ते अकाउंट, व्यक्तिगत बीमा, स्वास्थ्य बीमा और बैंक की अन्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यशाला में बैंकिंग विशेषज्ञों ने जवानों को वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी बताए। सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग व्यवहार, ऑनलाइन लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। इसके अलावा ऋण और निवेश से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं।

इस दौरान पूजा अग्रवाल ने जवानों से अपील की कि वे अपने परिवार के सदस्यों को पुलिस सैलरी पैकेज के लाभों की जानकारी जरूर दें, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में उनके परिजन भी उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

उन्होंने वर्तमान डिजिटल दौर में बढ़ रहे साइबर अपराधों को लेकर जवानों को सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही कहा कि यदि स्वयं या आसपास के किसी व्यक्ति के साथ साइबर अपराध होता है तो इसकी तत्काल शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई जाए।

कार्यक्रम में सहायक सेनानी निशांत शर्मा, सहायक सेनानी दिनेश सिंह, भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक सौरभ शालवार, सहायक प्रबंधक अभिषेक आचार्य, रिलेशनशिप ऑफिसर ईश्वर सिंह ठाकुर और कॉरपोरेट सैलरी पैकेज ऑफिसर चंद्रशेखर साहू सहित व्हीआईपी सुरक्षा वाहिनी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button