स्कूल बस ने मासूम को रौंदा, मौके पर मौत; चालक-कंडक्टर फरार

रायपुर । छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बंसापुर-सेमरिया गांव के पास DAV पब्लिक स्कूल जांता की बस की चपेट में आने से 4 साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बच्ची अपनी बड़ी बहन को स्कूल बस में बैठाने के लिए घर से बाहर आई थी। इसी दौरान बच्चों को बैठाने के बाद स्कूल बस आगे बढ़ी और बच्ची बस के पहिए की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच, चालक-कंडक्टर की तलाश
हादसे की सूचना मिलने पर खंडसरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने स्कूल बस को कब्जे में लेकर हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, फरार चालक और कंडक्टर की तलाश की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बस चलाते समय चालक की क्या भूमिका थी। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



