खेलछत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंवायरल खबरें

छत्तीसगढ़ के हॉकी खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच, पहली राज्य स्तरीय लीग का ऐलान

रायपुर छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होने वाली यह देश की पहली राज्य-स्तरीय हॉकी लीग होगी।

लीग के मुकाबले संभावित रूप से 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक खेले जाएंगे। इसे हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर प्रोफेशनल और व्यावसायिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने किया लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने रायपुर स्थित नवीन विश्राम भवन में लीग के लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि लीग का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की युवा हॉकी प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराना और उन्हें देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने तथा उनसे सीखने का अवसर देना है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हॉकी की समृद्ध परंपरा रही है और प्रदेश में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग इन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देने के साथ ही उन्हें राष्ट्रीय स्तर के अनुभव और प्रतिस्पर्धी माहौल से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

छह टीमें लेंगी हिस्सा

लीग के पहले सीजन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें मैदान में उतरेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।

सभी छह टीमें लीग मुकाबले खेलेंगी। अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। इसके बाद फाइनल मुकाबले के जरिए चैंपियन टीम का फैसला होगा।

हॉकी इंडिया के अधिकारी संभालेंगे तकनीकी जिम्मेदारी

प्रतियोगिता में तकनीकी गुणवत्ता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी अंपायर और तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति हॉकी इंडिया द्वारा की जाएगी।

चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ होगी टैगलाइन

लीग का लोगो छत्तीसगढ़ के मानचित्र पर आधारित है। इसमें केसरिया और हरे रंग के जरिए भारतीयता की भावना को दर्शाया गया है, जबकि आगे बढ़ती नारंगी रेखा प्रदेश की निरंतर प्रगति और आगे बढ़ने की भावना का प्रतीक है।

लीग की टैगलाइन “चलव रे संगी, हॉकी खेलबो” रखी गई है। छत्तीसगढ़ी बोली की यह टैगलाइन अपनत्व और आमंत्रण का संदेश देती है, जिसका अर्थ है—“चलो दोस्त, हॉकी खेलते हैं।”

बघवा’ होगा लीग का शुभंकर

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आधिकारिक शुभंकर “बघवा” नामक बाघ है। यह प्रदेश के घने जंगलों और समृद्ध वन्यजीव विरासत का प्रतीक है। बघवा साहस, शक्ति और निडरता का संदेश देता है और खिलाड़ियों की जुझारू भावना को दर्शाता है।

दर्शकों के लिए प्रवेश रहेगा निःशुल्क

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहेगी। टूर्नामेंट के दौरान प्रतिदिन विशेष मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। दर्शकों को हॉकी मुकाबलों के साथ मनोरंजन का भी अनुभव मिलेगा।

खास बात यह है कि लीग के सभी मुकाबलों में दर्शकों का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इससे बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों और युवाओं के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है।

लीग के लॉन्चिंग कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, संयुक्त संचालक प्रभाकर पाण्डेय और छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button