छत्तीसगढ़ में आज से फिर तेज होगी बारिश, 5 दिन भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सितंबर महीने की शुरुआत बारिश के साथ होने के मजबूत संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से 30 अगस्त से 3 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। वहीं मानसून सीजन में अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से करीब 4 फीसदी कम बारिश हुई है। आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने से इस कमी में कुछ सुधार होने की संभावना है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 30 अगस्त को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।
कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और कोरिया में बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा प्रदेश के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।
शंकरगढ़ में सबसे ज्यादा 6 सेमी बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 29 अगस्त को शंकरगढ़ में सर्वाधिक 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा ओडगी में 4 सेमी, करतला में 3 सेमी बारिश हुई।
छुरा, लटोरी, सूरजपुर, डोंगरगांव, कुसमी और छाल में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं महासमुंद, पोंडी बचरा, कोरबा, भैसमा, मरीं बंगला देवरी, लाल बहादुर नगर, सोनहत, माना-रायपुर-एपी, राजपुर और बैकुंठपुर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
3 सितंबर तक सक्रिय रह सकता है बारिश का दौर
बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र के असर से छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 30 अगस्त से शुरू होने वाला बारिश का दौर 3 सितंबर तक सक्रिय रह सकता है। इस दौरान लोगों को गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



