बेटी की पढ़ाई और भविष्य की चिंता हुई कम, नोनी सुरक्षा योजना बनी सहारा

रायपुर, 02 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन की नोनी सुरक्षा योजना बेटियों के सुरक्षित भविष्य और शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन रही है। सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत मेंड्राकला निवासी श्रीमती कौशिल्या रजवाड़े की बेटी भी इस योजना से लाभान्वित हुई है। योजना के तहत बेटी के नाम पर एक लाख रुपये का बॉन्ड मिलने से परिवार को उसके भविष्य की आर्थिक सुरक्षा का भरोसा मिला है।
कौशिल्या रजवाड़े के पति श्री राजेश कुमार रजवाड़े कृषि कार्य करते हैं। सीमित पारिवारिक आय के बीच बेटी की पढ़ाई और भविष्य को लेकर परिवार चिंतित रहता था। इसी दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने उन्हें नोनी सुरक्षा योजना की जानकारी दी। आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मदद से आवेदन ऑनलाइन पंजीकृत किया गया और उनकी बड़ी बेटी का योजना में पंजीयन हुआ।
कौशिल्या ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्राप्त बॉन्ड एलआईसी बीमा के माध्यम से प्रदान किया गया है। निर्धारित शर्तों के अनुसार बालिका के 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद निर्धारित राशि प्राप्त होगी। इस राशि का उपयोग बेटी की उच्च शिक्षा और भविष्य की आवश्यकताओं के लिए किया जा सकेगा।
कौशिल्या रजवाड़े ने कहा कि बेटी के भविष्य के लिए पहले से आर्थिक सुरक्षा मिलना उनके परिवार के लिए बड़ी राहत है। इससे बेटी की शिक्षा और आगे के जीवन को लेकर उनका भरोसा बढ़ा है।
उन्होंने नोनी सुरक्षा योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके लिए यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बेटी के सपनों को सुरक्षित भविष्य की ओर ले जाने वाला मजबूत संबल है।



