कोंडागांव के जंगल में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, नक्सल डंप से पिस्टल और बारूद बरामद

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में सुरक्षाबलों को सर्चिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पुष्पपाल क्षेत्र के घने जंगलों में अभियान चला रहे जवानों ने नक्सल डंप बरामद किया है। डंप से पिस्टल, वॉकी-टॉकी, वायर और भारी मात्रा में बारूद समेत विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार को सुरक्षाबलों की टीम पुष्पपाल क्षेत्र के जंगलों में सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान जवानों को जंगल में संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखे जाने की जानकारी मिली। तलाशी के दौरान नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया गया।
बरामद सामग्री में एक पिस्टल, करीब 6 वॉकी-टॉकी, बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले वायर और बड़ी मात्रा में बारूद शामिल है। विस्फोटक सामग्री को देखते हुए बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) की मदद ली गई और सभी सामान को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया।
सुरक्षाबलों का मानना है कि नक्सलियों ने सुरक्षा अभियानों से बचने के लिए हथियार और विस्फोटक सामग्री को जंगल में छिपाकर रखा था। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान के दौरान पहले से छिपाकर रखे गए ऐसे डंप की तलाश लगातार की जा रही है।
अभियान पूरा होने के बाद सभी जवान सुरक्षित रूप से कैंप लौट आए हैं। पुलिस की ओर से बरामदगी और कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी जल्द साझा किए जाने की संभावना है।
फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षाबलों की सर्चिंग और निगरानी जारी है।



