छत्तीसगढ़प्रशासनिक

CG News: राज्यपाल, CM और विधानसभा अध्यक्ष ने देखी ‘हनुमान अंश’, फिल्म हुई टैक्स फ्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में परिवार के साथ फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी सपरिवार मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्यों और विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्षों ने भी फिल्म देखी।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए।

नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का माध्यम

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हमेशा समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। संतों ने अपने जीवन और आचरण के माध्यम से मानवता और लोककल्याण का संदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा का जीवन मानव सेवा, प्रेम और भक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका जीवन यह संदेश देता है कि मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है।

प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि नीम करौली बाबा ने सरल जीवन और सहज शब्दों के माध्यम से प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश दिया। मानवता और सभी के प्रति समान भाव उनके विचारों में प्रमुख रहे। उनका संदेश आज भी समाज को सकारात्मक दिशा देने की क्षमता रखता है।

सिनेमा सिर्फ मनोरंजन नहीं, प्रेरणा का माध्यम भी

मुख्यमंत्री साय ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज तक विचार, संस्कार और प्रेरणा पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित है फिल्म

उल्लेखनीय है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा के जीवन, आध्यात्मिक यात्रा और उनके सेवा एवं भक्ति के संदेश पर आधारित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी फिल्में भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को सरल और प्रभावी तरीके से समाज तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास हैं।

इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सदस्य, विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्षगण और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button