
रायपुर, 26 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेश में शुरू हुई ‘आंगन मिलन सेवा’ के पहले दिन आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। प्रदेश के 2,262 स्थानों पर 12,698 गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें 97,471 लोगों ने सहभागिता की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुंगेली जिले के मदकू में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने माताओं और बच्चों के पोषण को लेकर जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती माताओं का स्वागत किया गया। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों, दालों और हरी सब्जियों का प्रदर्शन कर संतुलित आहार की जानकारी दी गई। ‘सुपोषित थाली’ के माध्यम से महिलाओं को रोजमर्रा के भोजन में विविध खाद्य पदार्थ शामिल करने और माताओं-बच्चों के पोषण को बेहतर बनाने के बारे में बताया गया।
कार्यक्रमों में बच्चों के अभिभावकों ने भी भाग लिया और पोषण एवं मातृ स्वास्थ्य से जुड़े अनुभव साझा किए। महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लाभार्थी महिलाओं ने बताया कि योजनाओं से मिलने वाली सहायता से वे अपनी और परिवार की जरूरतें पूरी करने में मदद पा रही हैं।
‘आंगन मिलन सेवा’ के जरिए आंगनबाड़ी केंद्रों को परिवार और समुदाय से जोड़ते हुए बच्चों के पोषण को साझा जिम्मेदारी बनाने पर जोर दिया गया।




