छत्तीसगढ़

गणेश विसर्जन झांकी से पहले रायपुर में 15 जर्जर मकानों पर नोटिस, खाली कराने के निर्देश

रायपुर। 28 सितंबर को प्रस्तावित गणेश मूर्ति विसर्जन झांकी को लेकर नगर निगम ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। महापौर मीनल चौबे ने झांकी के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान फूलचौक से सदर बाजार के बीच चिन्हित 15 जर्जर मकानों का जायजा लिया गया और संबंधित भवन मालिकों के नाम से नोटिस चस्पा किए गए।

नगर निगम की ओर से भवन मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि झांकी के दिन जर्जर मकानों को खाली कराकर उनमें ताला लगाया जाए। साथ ही किसी भी दर्शनार्थी को जर्जर भवन की छत या ऊपरी हिस्से में चढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मकान मालिकों को बिंदुवार दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।

महापौर ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि जर्जर भवनों के सामने बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि झांकी देखने आने वाले लोग इन भवनों के आसपास खड़े न हों। उन्होंने कहा कि भवन मालिक झांकी के दौरान तीन दिनों के लिए अन्यत्र चले जाएं और जर्जर भवनों को पूरी तरह खाली रखें, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

अधिकारियों के साथ किया रूट का निरीक्षण

महापौर मीनल चौबे ने सदर बाजार क्षेत्र में गणेश विसर्जन झांकी के रूट का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम लोक कर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह, जोन-4 के कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह सहित नगर निवेश विभाग के अधिकारी और संबंधित पुलिस थाना के अधिकारी मौजूद रहे।

नगर निगम का फोकस झांकी के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और जर्जर भवनों से संभावित खतरे को रोकने पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button