CM साय ने सुनी ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी, मुनगा अभियान को बताया कुपोषण के खिलाफ अहम पहल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम लामकन्हार स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी सुनी। इस दौरान प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान की सराहना किए जाने पर मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में जनभागीदारी से हो रहे सकारात्मक बदलावों और स्थानीय नवाचारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करते हैं। छत्तीसगढ़ के प्रयासों का लगातार उल्लेख प्रदेशवासियों के परिश्रम और सहभागिता का सम्मान है।

‘हर घर मुनगा’ अभियान को जनभागीदारी से बढ़ाने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान कुपोषण के खिलाफ छत्तीसगढ़ की लड़ाई को जनभागीदारी से मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण पहल है। मुनगा पोषक तत्वों का महत्वपूर्ण स्रोत है और इसके पत्ते, फल तथा फूल भोजन में उपयोग किए जाते हैं।
उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से अपने घरों में मुनगा का पौधा लगाने तथा इसके पोषण लाभों के बारे में दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी में पोषण माह के संदर्भ में देशभर में चल रहे पोषण संबंधी प्रयासों का उल्लेख किया। इसी क्रम में उन्होंने छत्तीसगढ़ के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान की चर्चा की।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बदल रही तस्वीर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर के साथ कांकेर का यह क्षेत्र भी लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के साहस, केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों तथा स्थानीय जनता के सहयोग से छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, जिन क्षेत्रों में कभी भय और असुरक्षा का वातावरण था, वहां अब शांति, विश्वास और विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, संचार और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ दूरस्थ क्षेत्रों में विकास के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
लामकन्हार में 85 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्राम लामकन्हार में शिक्षा, अधोसंरचना और सामुदायिक सुविधाओं के लिए कुल 85 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की।
घोषणाओं में शामिल हैं:
- शीतला मंदिर के पास सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपए
- प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन निर्माण के लिए 37 लाख रुपए
- छोटे पारा में सीसी रोड निर्माण के लिए 18 लाख रुपए
- एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला के लिए 15 लाख रुपए
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाया अमरूद का पौधा
‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अमरूद का पौधा लगाया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करने की अपील की।

कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



