छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 की तैयारियों की समीक्षा, 1 से 3 नवंबर तक होगा भव्य आयोजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्योत्सव और राज्य अलंकरण समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागवार तैयारियों और प्रदर्शनी की जानकारी 22 अक्टूबर तक उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही राज्योत्सव को केंद्रीय थीम आधारित स्वरूप में आयोजित करने पर जोर दिया गया।

विकास और भविष्य की दिशा पर रहेगा फोकस
राज्योत्सव की थीम में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे विषयों को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के भविष्य की दिशा, विकास और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने पर विशेष जोर रहेगा।
राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कारों के चयन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। संस्कृति विभाग को राज्योत्सव के लिए नोडल विभाग बनाया गया है।
तूता में प्रस्तावित है मुख्य आयोजन
राज्य स्तरीय आयोजन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड), ग्राम तूता, नवा रायपुर अटल नगर में प्रस्तावित है। आयोजन स्थल पर विभागीय प्रदर्शनियों, मुख्य मंच, डोम, पंडाल, स्टॉल और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सीएसआईडीसी, एनआरडीए और लोक निर्माण विभाग को मेला स्थल का ले-आउट, स्टॉल आवंटन, विकास प्रदर्शनी, मुख्य मंच, डोम, पंडाल, बैठक और बैरिकेडिंग की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं जनसंपर्क विभाग और चिप्स प्रचार-प्रसार तथा हाईटेक मीडिया सेंटर की व्यवस्था करेंगे। नगर निगम रायपुर और एनआरडीए नागरिक सुविधाओं, सिटी बस, पेयजल और स्वच्छता की व्यवस्था संभालेंगे।
सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी जोर
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं स्वास्थ्य एवं ऊर्जा विभाग चिकित्सा सुविधाओं, एंबुलेंस और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था करेंगे।
बैठक में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, रायपुर संभाग के कमिश्नर, कलेक्टर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



