छत्तीसगढ़वायरल खबरें

धमतरी में भीषण सड़क हादसा, एंबुलेंस-ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर में नर्स की मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। संबलपुर के पास एंबुलेंस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एंबुलेंस में सवार एक महिला नर्स की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।

मृतका की पहचान शबाना खान के रूप में हुई है। वह जगदलपुर के महारानी अस्पताल में नर्स के पद पर तैनात थीं।

जानकारी के मुताबिक, जगदलपुर के महारानी अस्पताल से एक मरीज को गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया था। मरीज को रायपुर के SMC हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मरीज के परिजन शव लेकर एंबुलेंस से जगदलपुर लौट रहे थे। नर्स शबाना खान भी उनके साथ मौजूद थीं।

वापसी के दौरान धमतरी के संबलपुर के पास नेशनल हाईवे पर एंबुलेंस की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर चोट लगने के कारण नर्स शबाना खान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एंबुलेंस में सवार तीन अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। मृतका के शव को धमतरी जिला अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम सहित आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

फिलहाल पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। एंबुलेंस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत किस वजह से हुई, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी। एक ही परिवार के लिए मरीज की मौत के बाद वापसी के दौरान हुआ यह हादसा दोहरा दुख लेकर आया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button