छत्तीसगढ़देश-दुनियाप्रशासनिक

महानदी जल विवाद के समाधान की दिशा में बड़ी पहल, अमित शाह की अध्यक्षता में बैठक में शामिल होंगे CM साय

रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दिल्ली प्रवास पर रवाना हुए। दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद के समाधान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। मुख्यमंत्री साय इस बैठक में शामिल होंगे।

दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों राज्यों के व्यापक हित में जल विवाद का समाधान निकालने के लिए लगातार सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के मुख्यमंत्रियों ने केंद्रीय जल आयोग (CWC) को लिखित रूप से आश्वस्त किया है कि दोनों राज्यों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए आयोग द्वारा लिया गया निर्णय दोनों प्रदेशों की सरकारों को मान्य होगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आपसी संवाद, समन्वय और सहयोग की भावना से इस विषय का सकारात्मक समाधान निकलेगा। राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के हितों की रक्षा के साथ ओडिशा के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध और सहयोग बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

इससे पहले भी केंद्रीय जल शक्ति मंत्री की अध्यक्षता में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक हो चुकी है, जिसमें तकनीकी सहयोग, संवाद और आपसी सहमति के माध्यम से विवाद के समाधान पर चर्चा हुई थी।

सिंगापुर में निवेश संभावनाओं को वैश्विक मंच पर रखेंगे CM साय

मुख्यमंत्री साय अपने आगामी सिंगापुर प्रवास के दौरान SING Forum-2026 में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, औद्योगिक क्षमता और निवेश की संभावनाओं को वैश्विक समुदाय के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। वे सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों, उद्यमियों और उद्योग प्रतिनिधियों से मुलाकात कर प्रदेश में निवेश और कारोबारी साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने के लिए प्रयासरत है। नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधन, अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों में अवसर निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रहे हैं। इससे उद्योगों के विस्तार के साथ युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।

बस्तर की प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का मंच

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। क्षेत्र के युवाओं में आगे बढ़ने की क्षमता और उत्साह है, जरूरत उन्हें उचित अवसर, संसाधन और अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराने की है।

उन्होंने कहा कि बस्तर में शिक्षा, खेल, कौशल, नवाचार और रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि स्थानीय प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाए।

17 जिलों के 550 से अधिक गांव बारिश से प्रभावित

प्रदेश में पिछले तीन-चार दिनों से हुई लगातार बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। मुख्यमंत्री के अनुसार 17 जिलों के 550 से अधिक गांव और 22 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। राहत और बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित कलेक्टरों को बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे जल्द पूरा करने तथा आरबीसी 6-4 के तहत पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

बाढ़ प्रभावित मकान क्षतिग्रस्त परिवारों को अतिरिक्त ₹10 हजार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के सभी बाढ़ प्रभावित जिलों में मकान क्षतिग्रस्त होने वाले परिवारों के लिए अतिरिक्त सहायता की घोषणा की है। शासन के प्रावधानों के तहत मिलने वाली सहायता के अलावा मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक पात्र प्रभावित परिवार को ₹10 हजार की अतिरिक्त सहायता राशि दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को प्रभावित परिवारों का शीघ्र सर्वे और आकलन कर सहायता राशि समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने अधिकारियों से मकान, फसल, पशुधन और अन्य क्षति का संवेदनशीलता के साथ आकलन करने तथा प्रभावित लोगों को नियमानुसार सहायता देने को कहा है। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और राहत से लेकर पुनर्वास तक आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button