छत्तीसगढ़ताज़ा खबरें

रायपुर में महिला को अकाल मौत का डर दिखाकर ठगी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तंत्र-मंत्र और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपये के सोने के आभूषण और नकदी ठगने का मामला सामने आया है। गंज थाना क्षेत्र के फाफाडीह स्थित जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स में तीन कथित साधुओं ने महिला को परिवार में अनहोनी और अकाल मौत का डर दिखाकर करीब 150 ग्राम सोने के आभूषण और 9 हजार रुपये ठग लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बीमारी और पारिवारिक परेशानी दूर करने का दिया झांसा

बताया गया कि घटना मार्च 2026 की है। तीन आरोपी साधु के भेष में महिला नैना परमार के घर के आसपास पहुंचे। बातचीत के दौरान आरोपियों ने महिला की बीमारी और आंखों से जुड़ी परेशानी के बारे में ऐसी बातें कहीं, जिससे उसे लगा कि आरोपियों को उसके बारे में विशेष जानकारी है।

इसके बाद आरोपियों ने परिवार की समस्याएं दूर करने और पूजा-पाठ के जरिए बीमारी ठीक करने का भरोसा दिलाया। पहली बार पूजा के नाम पर महिला से करीब 3 ग्राम सोने की अंगूठी और 9 हजार रुपये लिए गए। आरोपियों ने कहा कि पूजा पूरी होने के बाद सामान वापस कर दिया जाएगा।

सात बार में लिए करीब 150 ग्राम सोने के जेवर

महिला के विश्वास में आने के बाद आरोपी हर 10 से 12 दिन में उसके घर पहुंचने लगे। वे मोबाइल नंबर के जरिए फोन पर भी संपर्क बनाए रखते थे। आरोपियों ने पूजा और तंत्र-मंत्र का हवाला देकर महिला से लगातार सोने-चांदी के जेवर मांगना शुरू कर दिया।

आरोप है कि करीब सात बार में महिला से अंगूठी, चेन, हार, चूड़ियां और कंगन समेत लगभग 150 ग्राम सोने के आभूषण ले लिए गए।

परिवार में अकाल मौत का डर दिखाकर रखा चुप

आरोपियों ने महिला को धमकी दी कि यदि उसने पूजा और दिए गए जेवरों के बारे में किसी को बताया तो परिवार में बड़ी अनहोनी हो सकती है और किसी सदस्य की अकाल मौत तक हो सकती है। इस डर के कारण महिला ने कई महीनों तक यह बात अपने परिवार से छिपाए रखी।

पति को बताई पूरी घटना, पुलिस में शिकायत

बताया गया कि 7 सितंबर से आरोपी दोबारा महिला से आभूषण और नकदी की मांग करने लगे। महिला के पास और सामान नहीं होने के बावजूद आरोपी लगातार फोन करते रहे। आखिरकार 25 सितंबर की रात जब महिला के पति जसवंत परमार घर पहुंचे, तो महिला ने रोते हुए उन्हें पूरी घटना बताई।

इसके बाद पति महिला को लेकर गंज थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button