WCL 2026: युवराज का तूफान, धवल की घातक गेंदबाजी से इंडिया चैंपियंस की 46 रन से जीत

रायपुर। वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स (WCL) 2026 के पहले मुकाबले में इंडिया चैंपियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को 46 रन से हरा दिया। शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 196 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की पूरी टीम 16.2 ओवर में 150 रन पर ऑलआउट हो गई।
युवराज सिंह ने खेली कप्तानी पारी
इंडिया चैंपियंस के कप्तान युवराज सिंह ने अपने पुराने अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा। उन्होंने महज 44 गेंदों में 71 रन की आक्रामक पारी खेली। युवराज की इस पारी में चौके-छक्कों की बरसात देखने को मिली। उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारत की पारी के अंतिम चरण में ऋषि धवन ने भी तेजतर्रार बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 12 गेंदों में नाबाद 35 रन बनाकर टीम के स्कोर को 196 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
धवल कुलकर्णी की घातक गेंदबाजी
196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस टीम की शुरुआत पूरी तरह खराब नहीं रही। डी आर्सी शॉर्ट ने 28 गेंदों में 65 रन की तेज पारी खेलकर भारतीय गेंदबाजों को चुनौती दी। हालांकि, उनके आउट होते ही ऑस्ट्रेलियाई पारी लड़खड़ा गई।
धवल कुलकर्णी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 44 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं मोहित शर्मा ने भी 3 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी। भारतीय गेंदबाजों के दबाव के सामने ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 16.2 ओवर में 150 रन पर सिमट गई।
46 रन से भारत की शानदार जीत
ऑस्ट्रेलिया को 150 रन पर समेटने के साथ ही इंडिया चैंपियंस ने मुकाबला 46 रन से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने WCL 2026 में अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की है। युवराज सिंह की बल्लेबाजी और धवल कुलकर्णी की गेंदबाजी इस जीत की प्रमुख वजह रही।



