छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के कोरबा में खनिज माफियाओं में हड़कंप, 21 वाहन पकड़े गए

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विभागीय टीम ने जिले के अलग-अलग इलाकों से कुल 21 वाहनों को जब्त किया है। इनमें रेत का अवैध परिवहन करने वाले ट्रैक्टर, टीपर और गिट्टी का परिवहन करने वाले हाईवा शामिल हैं। लगातार तीन दिनों तक चली इस कार्रवाई से खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

रात-दिन छापेमारी कर 21 वाहनों पर कार्रवाई

खनिज विभाग कोरबा ने उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में बुधवार से लगातार तीन दिनों तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान राताखार, सीतामढ़ी, बरमपुर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी और सघन जांच की गई।

कार्रवाई के दौरान तरदा से रेत का अवैध परिवहन करते हुए 2 ट्रैक्टर, हरदीबाजार से 1 टीपर, बरमपुर से 1 ट्रैक्टर, पाली से 2 ट्रैक्टर और सुराकछार से 1 ट्रैक्टर जब्त किया गया। वहीं, उमरेली से 1 ट्रैक्टर तथा कुदुरमाल और सोनपुरी क्षेत्र से रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लगे 8 ट्रैक्टरों पर कार्रवाई की गई।

इसके अलावा गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 4 हाईवा और 1 ट्रैक्टर को भी जब्त किया गया। इस तरह अभियान के दौरान कुल 21 वाहनों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया।

पुलिस चौकियों और थानों की अभिरक्षा में रखे गए वाहन

जब्त किए गए वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से सर्वमंगला पुलिस चौकी, उरगा थाना, पाली थाना तथा खनिज जांच चौकी उरगा और हरदीबाजार की अभिरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग द्वारा संबंधित मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अवैध खनन पर रोक और सरकारी राजस्व की सुरक्षा लक्ष्य

खनिज विभाग के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और खनिजों के अवैध भंडारण पर रोक लगाना है। इसके साथ ही प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को रोकना भी प्राथमिकता है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन कर अवैध खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त लोगों के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम तथा अन्य लागू वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

खनिज विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ सघन अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई को जिले में खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button