खेलछत्तीसगढ़ताज़ा खबरें

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: न्यायधानी नाइट्स ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से हराया, चक्रधर चैंपियंस की सेमीफाइनल की राह मजबूत

रायपुर, 24 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी है। लीग के पांचवें मैच में न्यायधानी नाइट्स ने शानदार वापसी करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से शिकस्त दी और टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। वहीं, दिन के पहले मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव लगातार दूसरे दिन खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने मैच देखने पहुंचे। मुकाबलों के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

न्यायधानी नाइट्स की शानदार वापसी, 5-3 से जीता मुकाबला

संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने मुकाबले की शुरुआत में बढ़त हासिल कर ली। ओम कुमार यादव ने जीतू हेमला के पास पर गेंद को डिफ्लेक्ट कर गोल दागा और टीम को 1-0 से आगे कर दिया। हालांकि, शुरुआती पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने में नाकाम रहने का खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा।

दूसरे क्वार्टर में न्यायधानी नाइट्स ने सुखवेद निर्मलकर के फील्ड गोल से वापसी की। इसके बाद शादाब अहमद खान ने एक और गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। कुछ ही देर बाद चिराग ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 3-1 कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की ओर से आशीष तानी पूर्ति ने पेनाल्टी स्ट्रोक पर गोल कर अंतर कम किया। जवाब में चिराग ने एक और पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए न्यायधानी नाइट्स की बढ़त फिर से दो गोल की कर दी।

मैच के अंतिम चरण में आशीष तानी पूर्ति ने पेनाल्टी कॉर्नर से गोल कर संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की वापसी की उम्मीद जगाई। हालांकि, सोनू के एक और गोल ने न्यायधानी नाइट्स की जीत सुनिश्चित कर दी। इस तरह न्यायधानी नाइट्स ने मुकाबला 5-3 से अपने नाम किया।

चिराग बने प्लेयर ऑफ द मैच

मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए चिराग को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के आशीष तानी पूर्ति को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मैच के स्टार खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए और खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की।

चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराया

दिन के पहले मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से पराजित किया। इस जीत के साथ चक्रधर चैंपियंस ने अपने दोनों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ाया है।

चक्रधर चैंपियंस की जीत में परमप्रीत सिंह की अहम भूमिका रही। उन्होंने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए दो गोल दागे। वहीं, राजधानी रॉयल्स की ओर से रौशन ने गोल किया।

लगातार दूसरी हार के बाद राजधानी रॉयल्स की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए टीम को अपने शेष मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा और जीत हासिल करनी होगी।

रविवार को होंगे दो मुकाबले

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रविवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच शाम 5:30 बजे न्यायधानी नाइट्स और बैलाडीला बुल्स के बीच होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स का सामना मैनपाट टाइटन्स से होगा।

इन मुकाबलों के परिणाम से सेमीफाइनल की दौड़ और रोमांचक होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button