छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंप्रशासनिक

छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया ऐलान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान की फसल पककर तैयार होने के साथ ही कटाई का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच प्रदेश के किसानों के लिए धान खरीदी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की है कि राज्य में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। धान खरीदी को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को दुर्ग जिले के अहिवारा पहुंचे थे। यहां आयोजित पंडवानी महासम्मेलन में शामिल होने के साथ ही उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी की तारीख का ऐलान किया।

धान खरीदी को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर मुख्यमंत्री ने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष को सवाल पूछने का कोई अधिकार नहीं है।

गढ़फुलझर में सर्वमंगल भवन का लोकार्पण

दुर्ग जिले के दौरे से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के गढ़फुलझर पहुंचे थे। यहां बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज द्वारा आयोजित वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं बंधु मिलन कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित सर्वमंगल भवन का लोकार्पण किया। साथ ही समाज की मांग पर मंदिर परिसर में 50 लाख रुपये की लागत से भव्य डोम निर्माण कराने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 में गढ़फुलझर के विकास के लिए किए गए वादे अब धरातल पर साकार हो रहे हैं। सर्वमंगल भवन के निर्माण से सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

गढ़फुलझर में सड़क और तालाब का भी हो रहा विकास

गढ़फुलझर में विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया गया कि मानसरोवर तालाब का 48 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसके अलावा क्षेत्र में लगभग पौने दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण भी प्रगति पर है। इस सड़क के निर्माण पर करीब 3.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के इन कार्यक्रमों के बीच प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने की घोषणा को किसानों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब किसानों की नजर खरीदी केंद्रों पर होने वाली व्यवस्थाओं और खरीदी प्रक्रिया पर रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button