CGPSC SI Main Exam 2024: अभ्यर्थियों की परेशानी दूर, बदली गई परीक्षा की तारीख

रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 की तारीखों में बदलाव किया है। अब यह परीक्षा 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
दरअसल, पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की पूर्व निर्धारित तारीख 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 थी। वहीं, 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी आयोजित होनी थी। दोनों परीक्षाओं की तारीख एक ही दिन पड़ने से उन अभ्यर्थियों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई थी, जो दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। उन्हें किसी एक परीक्षा से वंचित होने की आशंका थी।
अभ्यर्थियों की इस समस्या की जानकारी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने तत्काल अधिकारियों को परीक्षा तिथियों के टकराव का समाधान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद CGPSC ने मुख्य परीक्षा की पूर्व निर्धारित तारीखों में संशोधन कर दिया है।
अब नवंबर में होगी पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 का आयोजन अब 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इससे शिक्षक भर्ती परीक्षा और पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को दोनों अवसरों में शामिल होने का मौका मिलेगा।
बता दें कि CGPSC ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत आयोजित सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर की संभावित तिथियां निर्धारित की गई थीं।
CM साय बोले- कोई पात्र युवा अवसर से वंचित न रहे
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवाओं का हित राज्य सरकार के लिए सर्वोपरि है। परीक्षा की तारीखों के टकराव के कारण कोई भी पात्र अभ्यर्थी अवसर से वंचित न हो, यह सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवा वर्षों तक कठिन परिश्रम करते हैं। ऐसे में परीक्षा कार्यक्रम से जुड़ी किसी व्यावहारिक समस्या के कारण उन्हें दो अवसरों में से किसी एक का चुनाव करने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। राज्य सरकार युवाओं की आकांक्षाओं और उनके भविष्य को लेकर संवेदनशील है।
ऑनलाइन आवेदन को लेकर अलग से जारी होगी सूचना
मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हांकित अभ्यर्थियों को पृथक रूप से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करना होगा। इस संबंध में आयोग द्वारा विस्तृत सूचना अलग से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें।
मुख्यमंत्री साय ने आगामी भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य और सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।




