GPM News: अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, 6 ट्रैक्टर जब्त

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए 6 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने मरवाही और गौरेला क्षेत्र में जांच के दौरान इन वाहनों को रेत का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा। जब्त वाहनों को संबंधित थानों में सुरक्षित रखा गया है।
चीचगोहना पुल और मरिहीघाट में कार्रवाई
खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, मरवाही क्षेत्र के चीचगोहना पुल के नीचे अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए 2 ट्रैक्टर पकड़े गए। वहीं, मरिहीघाट क्षेत्र से रेत से भरे 3 ट्रैक्टर जब्त किए गए। इन पांचों वाहनों को मरवाही थाने में रखा गया है।
इसी तरह गौरेला क्षेत्र के पिपरिया में अवैध रेत परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रैक्टर जब्त किया गया। इस वाहन को गौरेला थाने में सुरक्षित रखा गया है। इस तरह जिले में कुल 6 ट्रैक्टरों पर कार्रवाई की गई है।
वाहन मालिकों पर खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई
खनिज विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए सभी वाहनों के मालिकों के खिलाफ खान और खनिज अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। निर्धारित अर्थदंड या समझौता राशि खनिज मद में जमा होने के बाद ही नियमों के अनुसार वाहनों को मुक्त किया जाएगा।
अवैध खनन और परिवहन पर निगरानी तेज
जिला प्रशासन और खनिज विभाग द्वारा जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध खनिज कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ सरकारी राजस्व की सुरक्षा और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।



