BreakingChhattisgarhExclusive

Chhattisgarh | बस्तर को महाराष्ट्र से जोड़ेगा नेशनल हाईवे 130-डी, कुतुल से नीलांगुर खंड के लिए टेंडर मंजूर

Chhattisgarh | National Highway 130-D will connect Bastar with Maharashtra, tender approved for Kutul to Nilangur section

रायपुर। बस्तर अंचल को महाराष्ट्र से जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 130-डी के निर्माण को नई गति मिल गई है। छत्तीसगढ़ शासन ने कुतुल से नीलांगुर (महाराष्ट्र सीमा) तक 21.5 किलोमीटर हिस्से के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र रायपुर को न्यूनतम टेंडर देने वाले ठेकेदार से अनुबंध की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इस खंड के निर्माण का अनुमानित खर्च लगभग 152 करोड़ रुपए है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से बस्तर अंचल सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जुड़ जाएगा और व्यापार, पर्यटन और सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे 130-डी का कुल लंबाई लगभग 195 किलोमीटर है, जो कोण्डागांव से शुरू होकर नारायणपुर, कुतुल होते हुए नीलांगुर (महाराष्ट्र सीमा) तक जाती है। आगे महाराष्ट्र में यह बिंगुंडा, लहरे, धोदराज, भमरगढ़, हेमा, लकासा होते हुए आलापल्ली तक पहुँचेगी, जहाँ यह एनएच-353डी से जुड़ जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नारायणपुर से कुतुल की दूरी लगभग 50 किमी है और वहाँ से महाराष्ट्र सीमा स्थित नीलांगुर तक 21.5 किमी की सड़क निर्माणाधीन है। टू-लेन पेव्ड शोल्डर सहित बनने वाली इस सड़क से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा सुनिश्चित होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से अबूझमाड़ इलाके में फॉरेस्ट क्लियरेंस और निर्माण की अनुमति प्राप्त हुई है, जिससे इस महत्वाकांक्षी परियोजना का मार्ग प्रशस्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह सड़क केवल सड़क नहीं, बल्कि बस्तर अंचल की प्रगति का मार्ग है और इससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा, “नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की गति तेज करने के लिए यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी।”

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button