खेलछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के चयन ट्रायल में पहले दिन 223 खिलाड़ियों ने दिखाया दम, अरुण साव ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

रायपुर, 28 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) के पहले सीजन के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रायपुर स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 पर सोमवार को दो दिवसीय चयन ट्रायल का पहला दिन रहा। ट्रायल के लिए पंजीकृत 373 खिलाड़ियों में से 223 खिलाड़ियों ने पहले दिन मैदान पर उतरकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने ट्रायल स्थल पहुंचकर खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने मैदान पर खिलाड़ियों से बातचीत कर उनके अनुभव और तैयारियों के बारे में जानकारी ली।

अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हॉकी की जड़ें काफी गहरी हैं और खिलाड़ियों में दिखाई दे रहा उत्साह इसका प्रमाण है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के माध्यम से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को ऐसा मंच देने का प्रयास किया जा रहा है, जहां उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने ट्रायल में शामिल खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है।

छह टीमों के लिए खिलाड़ियों का चयन

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में भाग लेने वाली छह टीमों के खिलाड़ियों के चयन के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से यह ट्रायल आयोजित किया जा रहा है। चयन की पूरी प्रक्रिया छत्तीसगढ़ हॉकी संघ द्वारा निर्धारित नियमों और मापदंडों के अनुसार की जा रही है।

ट्रायल की निगरानी खेल अधिकारियों, हॉकी विशेषज्ञों, प्रशिक्षकों और वरिष्ठ खिलाड़ियों के पैनल ने की। चयन पैनल में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेल अधिकारी दीनू प्रसाद पटेल, रायपुर की वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक रश्मि संध्या एक्का, बिलासपुर के वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ की ओर से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल चौबे, राजनांदगांव से अनुराग श्रीवास्तव और वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी अमिताभ मानिकपुरी शामिल रहे।

29 सितंबर को भी जारी रहेगा ट्रायल

चयन ट्रायल का दूसरा दिन 29 सितंबर को सुबह 9 बजे से शुरू होगा। ट्रायल पूरा होने के बाद चयनित खिलाड़ियों की सूची और चयन प्रक्रिया से संबंधित प्रतिवेदन खेल संचालनालय को सौंपा जाएगा। इसी के आधार पर छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की छह टीमों का गठन किया जाएगा।

21 अक्टूबर से शुरू होगा CHL का पहला सीजन

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग राज्य की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग है। इसका आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किया जा रहा है। लीग का उद्देश्य प्रदेश के हॉकी खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना, उन्हें अनुभव दिलाना और राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर तैयार करना है।

लीग का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसमें छह फ्रेंचाइजी आधारित टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।

इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकोट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।

प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ियों का दल होगा। इसमें छत्तीसगढ़ के 18 खिलाड़ी और राज्य के बाहर से चार राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल होंगे। “चलो रे संगी, हॉकी खेलबो” टैगलाइन के साथ आयोजित यह लीग प्रदेश में हॉकी के विकास, उभरती खेल प्रतिभाओं को अवसर देने और राज्य की खेल पहचान को मजबूत करने की दिशा में एक पहल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button