BreakingChhattisgarhExclusive

Chhattisgarh | सीएम साय से मिले इसरो वैज्ञानिक, बढ़ेगा स्पेस टेक में छग का योगदान

Chhattisgarh | ISRO scientists meet CM Sai, Chhattisgarh’s contribution in space tech will increase

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से इसरो अहमदाबाद केंद्र के निदेशक डॉ. एन. एम. देसाई के नेतृत्व में वैज्ञानिकों के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान छत्तीसगढ़ की इसरो की यात्रा में भागीदारी बढ़ाने, युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने और शासन की कार्यकुशलता बढ़ाने में इसरो की तकनीक के उपयोग पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियाँ हर भारतीय के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नवाचार और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा दे रही है ताकि युवा अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा सकें।

मुख्यमंत्री ने इसरो से आग्रह किया कि वह राज्य के विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करे, जिससे उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान की व्यावहारिक जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि इसरो की सैटेलाइट तकनीक का उपयोग कृषि, खनन नियंत्रण, भू-अतिक्रमण की निगरानी और धान खरीदी में पारदर्शिता लाने में किया जा सकता है।

डॉ. देसाई ने मुख्यमंत्री को इसरो की चल रही परियोजनाओं और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने के लिए कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिन्हें छत्तीसगढ़ में भी विस्तार दिया जाएगा। बैठक में राज्य में ‘स्पेस गैलरी’ की स्थापना को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

इस अवसर पर डॉ. देसाई ने मुख्यमंत्री साय को चंद्रयान मिशन की प्रतिकृति और इसरो के हाल ही में लॉन्च किए गए उपग्रहों के मॉडल स्मृति स्वरूप भेंट किए।

बैठक के दौरान इसरो वैज्ञानिक भगवान मधेश्वर की तस्वीर देखकर अभिभूत हुए। मुख्यमंत्री साय ने उन्हें बताया कि मधेश्वर पहाड़ जशपुर जिले में स्थित है, जहाँ भगवान शिव प्राकृतिक शिवलिंग स्वरूप में पूजे जाते हैं। उन्होंने सभी वैज्ञानिकों को भगवान मधेश्वर के छायाचित्र भी भेंट किए।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, रीना बाबा साहब कंगाले, डॉ. एस. भारतीदासन, विनीत नंदनवार, विजय दयाराम के., गौरव कुमार सिंह, और इसरो के वरिष्ठ वैज्ञानिक उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button