अमित शाह का बड़ा ऐलान: 2029 तक देश से नशे का होगा खात्मा, राहुल गांधी और कांग्रेस पर भी साधा निशाना

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में करीब 250 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने पंजाब समेत पूरे देश से नशे के खात्मे का संकल्प दोहराया। शाह ने ऐलान किया कि 31 दिसंबर 2029 तक देश से नशे की समस्या को समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
अपने संबोधन की शुरुआत अमित शाह ने ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारे के साथ की। इस दौरान उन्होंने 1984 के सिख नरसंहार, कांग्रेस और राहुल गांधी को लेकर भी अपनी बात रखी।
1984 के सिख नरसंहार को लेकर कांग्रेस पर हमला
अमित शाह ने 1984 के सिख नरसंहार का जिक्र करते हुए कहा कि यह राजनीतिक रूप से प्रेरित हिंसा थी। उन्होंने कहा कि देश ने ऐसा नरसंहार पहले कभी नहीं देखा था। शाह ने तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती कांपती है।’
शाह ने कहा कि 1 नवंबर का दिन सिख नरसंहार की याद दिलाता है। ऐसे दिन दिल्ली में रैली आयोजित करने को लेकर उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इससे सिख समुदाय के पुराने जख्मों को फिर से कुरेदा गया है।
राहुल गांधी पर कसा तंज, मॉक पार्लियामेंट का किया जिक्र
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि सोनिया गांधी का सपना अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाने का है, लेकिन यह सपना पूरा नहीं हो पा रहा है। इसी वजह से अब मॉक पार्लियामेंट का नया तरीका अपनाया जा रहा है।
शाह ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को यदि प्रधानमंत्री बनना है तो उन्हें जीवनभर मॉक पार्लियामेंट में ही बने रहना चाहिए, क्योंकि उनका नंबर कभी नहीं आने वाला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार तीन चुनाव हार चुकी है।
उन्होंने आगे कहा कि झूठ बोलना, अराजकता फैलाना, संसद की कार्यवाही बाधित करना और संसदीय मुद्दों को सड़क पर लाकर हंगामा करना यदि विपक्ष की कार्यशैली बनी रही, तो उसे अगले पांच साल भी विपक्ष में बैठने के लिए तैयार रहना चाहिए।
31 दिसंबर 2029 तक देश से नशा खत्म करने का लक्ष्य
पंजाब में नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए अमित शाह ने बड़ा संकल्प सामने रखा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब सहित पूरे देश से नशे का खात्मा करना है।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में केंद्र सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। इस अभियान में पूरे देश को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है।
धारा 370 और नक्सलवाद पर भी गिनाईं उपलब्धियां
अपने संबोधन में अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा लिए गए बड़े फैसलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने धारा 370 हटाने, नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई और तीन तलाक जैसे मुद्दों पर सरकार के कदमों को गिनाते हुए कहा कि जिन फैसलों को कभी असंभव माना जाता था, उन्हें केंद्र सरकार ने लागू करके दिखाया है।
कार्यक्रम के दौरान चंडीगढ़ में 250 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया।



