छत्तीसगढ़ में पत्रकारों को मिलेगा बीमा सुरक्षा का लाभ? 30 नवंबर तक दे सकते हैं सुझाव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कार्यरत पत्रकारों और मीडियाकर्मियों को स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने पहल शुरू की है। इसके तहत ‘छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना-2026’ का प्रारूप तैयार किया गया है। शासन ने योजना को अंतिम रूप देने से पहले मीडियाकर्मियों से सुझाव आमंत्रित किए हैं।
राज्य शासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, योजना के प्रारूप और इसके क्रियान्वयन को लेकर 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक सुझाव भेजे जा सकते हैं। इसके लिए एक महीने का समय निर्धारित किया गया है।
योजना का प्रारूप छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.dprcg.gov.in पर उपलब्ध कराया गया है। इच्छुक मीडियाकर्मी वेबसाइट पर जाकर योजना के प्रस्तावित प्रावधानों का अवलोकन कर सकते हैं और अपनी राय साझा कर सकते हैं।
शासन ने सुझाव भेजने के लिए ईमेल आईडी chhattisgarhmediakarmi@gmail.com जारी की है। मीडियाकर्मी योजना से संबंधित अपने सुझाव और विचार इस ईमेल पर भेज सकते हैं।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में कार्यरत मीडिया कर्मियों के लिए स्वास्थ्य और दुर्घटना संबंधी बीमा सुरक्षा की व्यवस्था तैयार करना है। सुझाव प्राप्त होने के बाद योजना के प्रारूप और उसके क्रियान्वयन से जुड़ी आगे की प्रक्रिया की जाएगी।



