
रायपुर। छत्तीसगढ़ आज 1 नवंबर 2026 को अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर पूरे प्रदेश में राज्योत्सव की धूम है। नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में 1 से 3 नवंबर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोककलाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिल रही है।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत कई नेताओं ने प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ की जनता को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर छत्तीसगढ़ के सभी निवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और अनूठी लोक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है। यहां की पुरातात्विक धरोहरें प्रदेश की विशेष पहचान हैं। लोक संस्कृति से परिपूर्ण यहां का परिवेश हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि नक्सलवाद की जड़ें खत्म करते हुए छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के प्रतिभाशाली और परिश्रमी लोगों की भागीदारी से छत्तीसगढ़ राष्ट्र की समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।
अमित शाह ने मां दंतेश्वरी से की प्रदेश की खुशहाली की कामना
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और अपार खनिज संपदा से संपन्न छत्तीसगढ़ आज नक्सलवाद के दंश से मुक्त होकर विकास के नए अध्याय लिख रहा है।
अमित शाह ने कहा कि मेहनतकश लोगों, अपार संभावनाओं और आत्मीय आतिथ्य से भरा छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाला है। उन्होंने मां दंतेश्वरी से प्रदेशवासियों की मनोकामनाएं पूर्ण होने और छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की कामना की।
सीएम विष्णु देव साय ने बताई 26 वर्षों की गौरवशाली यात्रा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की 26 वर्षों की यात्रा करोड़ों प्रदेशवासियों के सपनों, संघर्षों और संकल्पों की गौरवशाली गाथा है।
उन्होंने कहा कि आज हमारा प्रदेश शांति, सुशासन और विकास के नए अध्याय लिख रहा है। छत्तीसगढ़ महतारी के आशीर्वाद से प्रदेश समृद्धि, आत्मनिर्भरता और विकसित भविष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ता रहे।
राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा ने भी दी शुभकामनाएं
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक समृद्धि, जनजातीय विरासत और विविध लोक संस्कृति की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के परिश्रमी और प्रतिभाशाली लोगों ने राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कामना की कि छत्तीसगढ़ विकास, समृद्धि और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करे।
वहीं, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ को अतुलनीय प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध लोक संस्कृति और अपार संभावनाओं की धरती बताया। उन्होंने प्रदेश की जनजातीय संस्कृति, अनूठी कला और गौरवशाली विरासत को देश की अमूल्य धरोहर बताते हुए मां दंतेश्वरी से प्रदेश की शांति, विकास और समृद्धि की कामना की।
कब और कैसे हुआ था छत्तीसगढ़ राज्य का गठन?
छत्तीसगढ़ राज्य का गठन 1 नवंबर 2000 को हुआ था। इससे पहले छत्तीसगढ़ मध्य प्रदेश का हिस्सा था। लंबे समय से अलग छत्तीसगढ़ राज्य की मांग उठ रही थी। इसके बाद मध्य प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम, 2000 के तहत छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का दर्जा दिया गया।
1 नवंबर 2000 को देश के 26वें राज्य के रूप में छत्तीसगढ़ अस्तित्व में आया। इस तरह आज प्रदेश अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर 27वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। हर साल 1 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्योत्सव मनाया जाता है, जिसमें प्रदेश की संस्कृति, परंपराओं, उपलब्धियों और विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाता है।



