CG News: राज्यपाल रमेन डेका ने प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों को दिया जनसेवा और सुशासन का मंत्र

रायपुर, 22 जुलाई 2026 | छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने प्रशासनिक सेवा में प्रवेश कर रहे नए अधिकारियों को कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और जनसेवा का संदेश देते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल एक पद नहीं, बल्कि आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अधिकारियों से हर निर्णय में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

राज्यपाल बुधवार को रायपुर स्थित लोकभवन में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के 2025 बैच के प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों से चर्चा कर रहे थे। वर्तमान में ये अधिकारी छत्तीसगढ़ प्रशासनिक अकादमी, निमोरा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
संवेदनशीलता और ईमानदारी पर दिया जोर
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि एक लोक सेवक का वास्तविक मूल्यांकन उसके पद या फाइलों से नहीं, बल्कि जनता के प्रति उसके व्यवहार और कार्यशैली से होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रशासनिक निर्णय में मानवीय संवेदनाओं (Human Touch) का समावेश होना चाहिए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से आम नागरिकों तक पहुंच सके।
जनहित को रखें सर्वोच्च प्राथमिकता
उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि फील्ड में कार्य करते समय अनेक चुनौतियां आएंगी, लेकिन हर परिस्थिति में सकारात्मक सोच के साथ जनता के हित में निर्णय लेना ही एक अच्छे प्रशासनिक अधिकारी की पहचान है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित जनसंवाद, क्षेत्र भ्रमण और लोगों की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने की सलाह दी।
राज्यपाल ने कहा कि जो कार्य संभव हो, उसे प्राथमिकता के साथ पूरा करें और यदि किसी कारणवश कोई कार्य संभव न हो तो संबंधित व्यक्ति को स्पष्ट और पारदर्शी जानकारी दें। इससे प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत होता है।
तार्किक सोच और निष्पक्ष निर्णय पर जोर
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों के लिए तार्किक सोच, विवेकपूर्ण निर्णय और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। जनता को न्याय दिलाना प्रत्येक लोक सेवक का प्रथम कर्तव्य है और अधिकारियों को इसी भावना के साथ कार्य करना चाहिए।
युवा अधिकारियों में दिखा उत्साह
राज्यपाल ने कहा कि प्रशिक्षु अधिकारी भविष्य के प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्हें सुशासन, पारदर्शिता और जनविश्वास को मजबूत करने की दिशा में कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे शांत, समृद्ध और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध राज्य में सेवा करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रशासनिक अकादमी के महानिदेशक टी.सी. महावर, प्रशिक्षण निदेशक मेनका प्रधान सहित 2025 बैच के प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर उपस्थित रहे।



