NEET-UG 2026 में दंतेवाड़ा की बड़ी सफलता, ‘छू लो आसमान’ के 52 छात्रों ने मारी बाजी

रायपुर, 22 जुलाई 2026। दंतेवाड़ा जिले की आवासीय कोचिंग संस्था ‘छू लो आसमान’ ने एक बार फिर अपनी गुणवत्ता साबित करते हुए NEET-UG 2026 में शानदार सफलता हासिल की है। संस्था के बालूद और कारली केंद्रों से परीक्षा में शामिल 158 विद्यार्थियों में से 52 ने सफलता प्राप्त की, जबकि 11 विद्यार्थियों का एमबीबीएस और 11 विद्यार्थियों का बीडीएस, बीएएमएस, पशु चिकित्सा सहित अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लगभग सुनिश्चित माना जा रहा है।

बालूद केंद्र से 25 छात्र सफल
बालूद केंद्र के 65 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें 25 विद्यार्थी सफल रहे। इनमें 9 विद्यार्थियों ने 340 से अधिक अंक हासिल किए हैं, जिससे उनका एमबीबीएस में प्रवेश लगभग तय माना जा रहा है। वहीं 5 अन्य विद्यार्थियों के बीडीएस, बीएएमएस और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में चयन की संभावना है।
कारली केंद्र का भी शानदार प्रदर्शन
कारली केंद्र के 93 विद्यार्थियों में से 27 विद्यार्थियों ने परीक्षा में सफलता हासिल की। इनमें 2 विद्यार्थियों का एमबीबीएस और 6 विद्यार्थियों का अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लगभग सुनिश्चित माना जा रहा है।
गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और मेहनत का मिला परिणाम
जिला प्रशासन द्वारा संचालित आवासीय कोचिंग व्यवस्था और बेहतर शैक्षणिक माहौल का परिणाम विद्यार्थियों की इस सफलता में साफ दिखाई देता है। संस्था लगातार ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार कर रही है।
जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई
नीट-यूजी 2026 में सफल विद्यार्थियों को क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने शुभकामनाएं देते हुए इसे पूरे दंतेवाड़ा जिले के लिए गौरव का विषय बताया। विधायक चौतराम अटामी ने कहा कि दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना ऐतिहासिक उपलब्धि है और भविष्य में मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की कोचिंग सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और जिले की स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, नोडल अधिकारी वेंकट ताती, अधीक्षक राज पाल, अधीक्षिका रविंद्र सैनी सहित संस्था के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




