भिलाई में तेज रफ्तार का कहर: पेड़ से टकराई कार, दो युवकों की मौके पर मौत

भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र स्थित सेंट्रल एवेन्यू रोड पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचे और इसकी सूचना भिलाई नगर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार सेक्टर-9 से सेक्टर-6 की ओर जा रही थी। इसी दौरान सेंट्रल एवेन्यू रोड पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सीधे सड़क किनारे लगे एक विशाल पेड़ से टकरा गई।
मृतकों की पहचान दीपक गुप्ता और कौशिक दास के रूप में हुई है। दोनों भिलाई के सेक्टर-6 निवासी थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
पुलिस जांच में जुटी
भिलाई नगर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।



