छत्तीसगढ़

Ambikapur Murder News: 9वीं के छात्र की पत्थर से कुचलकर हत्या, जंगल में मिला शव

रायपुर छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। उदयपुर थाना क्षेत्र के टिहरी (तिहली) जंगल में 9वीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने छात्र के चेहरे को भारी पत्थर से कुचल दिया। शव पर पैरों में भी गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

खेलने निकला, लेकिन घर नहीं लौटा

पुलिस के अनुसार, सलका गांव निवासी 15 वर्षीय वीरेंद्र कंवर गुरुवार शाम घर से खेलने की बात कहकर निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोग योग करने के लिए टिहरी जंगल पहुंचे, जहां उन्होंने एक किशोर का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पत्थर से कुचल दिया चेहरा

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि छात्र के चेहरे को भारी पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या की गई है। इसके अलावा उसके पैरों पर भी गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की वजह तलाश रही है। जांच में आपसी रंजिश, दोस्तों के साथ विवाद, पुरानी दुश्मनी और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button