Jagdalpur: के सूरज एंटरप्राइजेज बुक डिपो में आग, घंटों की मशक्कत के बाद बुझीं लपटें

जगदलपुर। शहर के अनुपमा चौक के पास स्थित Suraj Enterprises बुक डिपो में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखा लाखों रुपये का स्टेशनरी सामान, कॉपी-किताबें और अन्य शैक्षणिक सामग्री जलकर राख हो गई। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, दुकान में भारी मात्रा में कॉपी-किताबें और स्टेशनरी का स्टॉक रखा था। ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जेसीबी से तोड़ा गया शटर
घना धुआं और तेज लपटों के कारण दमकल कर्मियों को दुकान के अंदर प्रवेश करने में काफी परेशानी हुई। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से दुकान का शटर तोड़ा गया, ताकि अंदर पहुंचकर आग पर काबू पाया जा सके।
तीन दमकल वाहनों से बुझाई गई आग
आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड के तीन वाहनों और SDRF की टीम ने कई घंटों तक कड़ी मशक्कत की। काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
लाखों का नुकसान
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस हादसे में लाखों रुपये मूल्य की कॉपी-किताबें, स्टेशनरी और अन्य शैक्षणिक सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है।




