CM साय ने कंवर समाज को दी 1.55 करोड़ की सौगात, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई शपथ

रायपुर, 22 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज विकास समिति के प्रदेश अध्यक्ष सहित नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सामाजिक सेवा, एकता और दायित्वों के निष्ठापूर्वक निर्वहन की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का मूल मंत्र है। समाज की प्रगति उसकी भावी पीढ़ी को मिलने वाली शिक्षा, संस्कार और अवसरों पर निर्भर करती है। समाज का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिले, यह सभी की साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने कंवर समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए संत गहिरा गुरु सहित समाज के पुरोधाओं के योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, संस्कार, सेवा और सामाजिक एकता के मार्ग पर आगे बढ़कर नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।
निर्विरोध निर्वाचन को बताया एकता का प्रमाण
मुख्यमंत्री ने कहा कि कंवर समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का निर्वाचन निर्विरोध और सर्वसम्मति से होना समाज की एकता और संगठन की मजबूती को दर्शाता है। उन्होंने पदाधिकारियों से शैक्षणिक, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक उत्थान के लिए निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल सरकारी नौकरी पाना नहीं है। अच्छी शिक्षा व्यक्ति को उद्यमी, व्यापारी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, उद्योगपति और जिम्मेदार नागरिक बनने के अवसर देती है। राज्य में बच्चों और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रदेश में 17 प्रयास विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं।

जनजातीय विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, आवास, बिजली, राशन और नल-जल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,661 गांवों को शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विभिन्न मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। इसके तहत छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में सड़कों का निर्माण किया जा रहा है और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए 57 एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।
नक्सलवाद से मुक्त हो रहे बस्तर में विकास को मिली गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक नक्सलवाद की समस्या के कारण विकास की मुख्यधारा से प्रभावित रहा। अब सुरक्षा बलों की सफलता और सरकार के प्रयासों से बस्तर में शांति और विश्वास का वातावरण बन रहा है। जिन इलाकों में विकास कार्य मुश्किल थे, वहां अब सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से ढाई वर्षों में 500 से अधिक गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। बस्तर में व्यापक स्वास्थ्य अभियान के तहत 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है। शांति के नए वातावरण में युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
कंवर समाज के भवनों के लिए 1.55 करोड़ से अधिक की घोषणा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने कंवर समाज के विभिन्न सामुदायिक भवनों के निर्माण, विकास और जीर्णोद्धार के लिए 1 करोड़ 55 लाख रुपए से अधिक की राशि देने की घोषणा की।
इसमें रायपुर के लाभांडी स्थित नवनिर्माणाधीन कंवर भवन के विकास के लिए 70 लाख रुपए, राजनांदगांव के छुरिया क्षेत्र में समाज भवन के लिए 25 लाख रुपए, तमोरा में सामुदायिक शेड के लिए 10 लाख रुपए, ग्राम खैरझिटी में सामाजिक भवन के लिए 10 लाख रुपए, महासमुंद के ग्राम नरतोरा में सामाजिक भवन के लिए 10 लाख रुपए, ग्राम झलप में भवन निर्माण एवं जीर्णोद्धार के लिए 20 लाख रुपए तथा गरियाबंद के ग्राम जोजरा में कंवर समाज भवन के लिए 10 लाख रुपए शामिल हैं।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लाभांडी स्थित कंवर समाज के नवनिर्माणाधीन सामुदायिक भवन परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सिंदूर का पौधा लगाया। समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और वरिष्ठ सदस्यों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व राज्यसभा सांसद नंदकुमार साय ने की। कंवर समाज विकास समिति के अध्यक्ष हरवंश सिंह मिरी सहित समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। समाज के युवक-युवतियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।



