छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंप्रशासनिकवायरल खबरें

श्रावण मास में भक्ति का रंग, हजारों शिवभक्तों के साथ कांवड़ यात्रा में शामिल हुए CM साय

रायपुर, 23 अगस्त 2026 पवित्र श्रावण मास के अवसर पर राजधानी रायपुर में रविवार को भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन हुआ। गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम परिसर से निकली इस यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। कांवड़िए पवित्र जल लेकर महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। इस दौरान पूरा क्षेत्र भगवान शिव के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।

भक्ति, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संगम है कांवड़ यात्रा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना और भक्ति का विशेष अवसर है। कांवड़ यात्रा आस्था, भक्ति और समर्पण की अनुपम अभिव्यक्ति है। कठिन यात्रा के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह और श्रद्धा सनातन संस्कृति में निहित आस्था की शक्ति को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का उत्सव भी है। ऐसे आयोजनों में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एक साथ जुड़ते हैं, जिससे आपसी सद्भाव, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना मजबूत होती है।

हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर का विशेष धार्मिक महत्व

मुख्यमंत्री ने भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि महादेव घाट स्थित यह मंदिर छत्तीसगढ़ की प्राचीन शिव आराधना परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र है। श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करते हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध लोक-संस्कृति के साथ-साथ उसकी गहरी आध्यात्मिक परंपराओं से भी है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में स्थित प्राचीन शिवधाम और शक्तिपीठ हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण साक्षी हैं।

नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ते हैं ऐसे आयोजन

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास तथा श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार काम कर रही है। इससे धार्मिक स्थलों को नई पहचान मिलने के साथ प्रदेश में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना

मुख्यमंत्री साय ने कांवड़ यात्रा में शामिल सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के सुख-शांति की कामना की। उन्होंने कहा कि देवाधिदेव महादेव की कृपा प्रदेश और प्रदेशवासियों पर सदैव बनी रहे तथा हर परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आए।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मीनल चौबे सहित निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button