विजय शर्मा बोले- कोई पात्र गरीब परिवार पक्के आवास से नहीं रहेगा वंचित

रायपुर, 23 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण का काम तेजी से जारी है। उपमुख्यमंत्री एवं पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि नई सरकार के गठन के बाद अब तक 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में ही प्रदेश के पात्र परिवारों के लिए 18 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कर निर्माण कराने का संकल्प लिया गया था। इसी के अनुरूप पुराने और नए वित्तीय वर्षों में स्वीकृत आवासों के निर्माण को प्राथमिकता दी गई और आवश्यक राशि उपलब्ध कराकर अधूरे मकानों को भी पूरा कराया जा रहा है।

पिछले वित्तीय वर्ष में 5.92 लाख से अधिक आवास पूर्ण
विजय शर्मा के अनुसार, पिछले वित्तीय वर्ष में छत्तीसगढ़ में 5 लाख 92 हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए गए। उन्होंने इसे देश में सर्वाधिक आवास पूर्ण होने की उपलब्धि बताया। पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास का लाभ दिलाने के लिए निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 और 2018 की पात्रता सूची के तहत पात्र पाए गए सभी आवासों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। कुल स्वीकृत आवासों में से अब तक 20 लाख 40 हजार मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि लगभग 4 लाख आवास वर्तमान में निर्माणाधीन हैं।

पुराने लंबित आवासों को भी कराया गया पूरा
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पूर्ण किए गए 11 लाख से अधिक आवासों में पिछले वित्तीय वर्षों में स्वीकृत मकान भी शामिल हैं। विभिन्न कारणों से लंबे समय से लंबित आवासों के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराकर उन्हें भी पूरा कराया गया है।
सरकार का जोर केवल आवास स्वीकृत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पात्र परिवारों को जल्द से जल्द उनके पक्के मकान का लाभ दिलाने पर है। इसके लिए निर्माणाधीन आवासों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री आवास योजना और पीएम जनमन के मकान भी शामिल
वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पूर्ण किए गए आवासों में विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत मकान भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना के 48 हजार स्वीकृत आवासों में से करीब 20 हजार पूर्ण किए जा चुके हैं। वहीं, प्रधानमंत्री जनमन योजना के लगभग 23 हजार आवास भी इस अभियान का हिस्सा हैं। इसके अलावा विशेष परियोजनाओं के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण भी कराया जा रहा है।
कोई पात्र परिवार पक्के मकान से न रहे वंचित
विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रत्येक गरीब परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराने के संकल्प को छत्तीसगढ़ सरकार प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। पिछले ढाई वर्षों में 11 लाख से अधिक आवासों का पूर्ण होना इसी प्रतिबद्धता का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में करीब 4 लाख आवास निर्माणाधीन हैं और इन्हें भी जल्द पूरा करने के लिए विभाग लगातार काम कर रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र गरीब परिवार पक्के आवास के लाभ से वंचित न रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से प्रदेश के लाखों परिवारों के जीवन में स्थायी बदलाव लाने का प्रयास जारी रहेगा।



