CGPSC Main Exam 2025 Result: 608 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू के लिए चयन, 21 सितंबर से शुरू होंगे साक्षात्कार

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 का लिखित परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर कुल 608 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया है। आयोग के अनुसार राज्य सेवा परीक्षा-2025 का साक्षात्कार 21 सितंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है।
मुख्य परीक्षा का परिणाम और साक्षात्कार के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम और चयन सूची देख सकते हैं। आयोग ने अभ्यर्थियों से आगे की प्रक्रिया से संबंधित अपडेट के लिए वेबसाइट का नियमित अवलोकन करने की अपील की है।
6 से 9 जून तक आयोजित हुई थी मुख्य परीक्षा
CGPSC राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा 6, 7, 8 और 9 जून 2026 को आयोजित की गई थी। मुख्य परीक्षा के लिए कुल 3,921 अभ्यर्थियों को चिन्हित किया गया था। लिखित परीक्षा के परिणाम के बाद अब 608 अभ्यर्थियों को अगले चरण यानी साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया है।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 265 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं।
21 सितंबर से शुरू हो सकता है इंटरव्यू
आयोग के मुताबिक राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 का साक्षात्कार 21 सितंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है। हालांकि इंटरव्यू का विस्तृत कार्यक्रम, तिथि, समय और अन्य दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर अलग से जारी किए जाएंगे।
साक्षात्कार के लिए चयनित सभी अभ्यर्थियों को विज्ञापित पदों की अग्रमान्यता (Preference) ऑनलाइन दर्ज करनी होगी। अग्रमान्यता दर्ज करने की तारीख आयोग द्वारा बाद में घोषित की जाएगी।
इंटरव्यू से एक दिन पहले होगा दस्तावेज सत्यापन
CGPSC ने साक्षात्कार के लिए चयनित अभ्यर्थियों के लिए दस्तावेज सत्यापन को अनिवार्य किया है। अभ्यर्थियों को अपने साक्षात्कार की निर्धारित तारीख से एक दिन पहले मूल दस्तावेजों के सत्यापन के लिए आयोग कार्यालय में उपस्थित होना होगा।
जो अभ्यर्थी निर्धारित समय पर दस्तावेज सत्यापन नहीं कराएंगे, उन्हें साक्षात्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ऐसे चेक करें CGPSC Main Exam Result 2025
- सबसे पहले CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- वेबसाइट के What’s New सेक्शन में जाएं।
- STATE_SERVICE_EXAMINATION-2025_MAINS_WRITTEN_EXAM_RESULT (31-08-2026) लिंक पर क्लिक करें।
- मुख्य परीक्षा का परिणाम या इंटरव्यू के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची की PDF खोलें।
- PDF में अपना रोल नंबर सर्च करें।
- भविष्य की जरूरत के लिए रिजल्ट और चयन सूची का प्रिंटआउट या PDF सुरक्षित रख लें।
CGPSC Main Exam 2025: महत्वपूर्ण जानकारी
मुख्य परीक्षा के लिए चयनित अभ्यर्थी: 3,921
इंटरव्यू के लिए चयनित अभ्यर्थी: 608
कुल पद: 265
मुख्य परीक्षा की तारीख: 6 से 9 जून 2026
इंटरव्यू की संभावित शुरुआत: 21 सितंबर 2026
दस्तावेज सत्यापन: इंटरव्यू से एक दिन पहले
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन से संबंधित अंतिम कार्यक्रम एवं निर्देशों के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।




