विधायक के नाम का दुरुपयोग, फर्जी सोशल मीडिया ID से पैसों की मांग

रायपुर, 1 सितंबर 2026। तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह के नाम और पहचान का कथित तौर पर दुरुपयोग कर फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए लोगों से संपर्क कर पैसों की मांग की जा रही है। मामला सामने आने के बाद विधायक धर्मजीत सिंह ने बिलासपुर एसएसपी से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
विधायक के नाम से भेजे जा रहे मैसेज
जानकारी के मुताबिक, विधायक धर्मजीत सिंह के नाम से बनाई गई फर्जी फेसबुक आईडी के माध्यम से लोगों को मैसेज भेजे जा रहे हैं। इन मैसेज के जरिए कथित तौर पर पैसों की मांग की जा रही है। मामला संज्ञान में आने के बाद विधायक की ओर से पुलिस को शिकायत देकर फर्जी आईडी संचालित करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील
विधायक की ओर से लोगों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर उनके या किसी अन्य जनप्रतिनिधि के नाम से आने वाले ऐसे मैसेज पर तत्काल भरोसा न करें। यदि किसी अकाउंट या मोबाइल नंबर से पैसों की मांग की जाती है, तो भुगतान करने से पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान की पुष्टि जरूर करें।
संदिग्ध फेसबुक आईडी, मोबाइल नंबर, मैसेज या पैसों की मांग से जुड़े स्क्रीनशॉट को सुरक्षित रखने और इसकी सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है। लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति के खाते में रकम ट्रांसफर नहीं करने की सलाह दी गई है।



