GDP ग्रोथ पर CM साय का बड़ा बयान, बोले- चुनौतियों के बीच तेजी से आगे बढ़ रहा भारत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को दिल्ली दौरे के लिए रवाना हुए। रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने दिल्ली दौरे के कार्यक्रम और देश की आर्थिक विकास दर को लेकर महत्वपूर्ण बातें साझा कीं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि जल शक्ति मंत्रालय की ओर से विभागीय समिट का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। इस समिट में जल संरक्षण, सिंचाई और पेयजल से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी जल संरक्षण और जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को लेकर लगातार काम किया जा रहा है। प्रदेश में किए जा रहे जल संरक्षण से जुड़े कार्यों और प्रयासों की जानकारी दिल्ली में आयोजित समिट के दौरान साझा की जाएगी।
GDP ग्रोथ पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बयान
देश की GDP ग्रोथ को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वैश्विक स्तर पर लगातार अशांति का वातावरण बना हुआ है। इसके बावजूद भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार आर्थिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में देश की GDP ग्रोथ 7.8 प्रतिशत रही है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि और अथक परिश्रम का परिणाम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत की मजबूत आर्थिक वृद्धि देश की विकास क्षमता और सरकार की नीतियों को दर्शाती है।



