छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंप्रशासनिकवायरल खबरें

Raipur: एम्स के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे उपराष्ट्रपति, तैयारियां पूरी

रायपुर। देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज बुधवार, 2 सितंबर को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वे रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर राजधानी रायपुर में सुरक्षा के व्यापक और चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं।

तय कार्यक्रम के अनुसार, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन सुबह करीब 10 बजे विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे सीधे एम्स रायपुर के लिए रवाना होंगे और सुबह 10:45 बजे एम्स परिसर पहुंचेंगे। यहां सुबह 11 बजे से आयोजित तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।

दीक्षांत समारोह के बाद उपराष्ट्रपति दोपहर 12:30 बजे एम्स रायपुर से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर करीब 1:30 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

उपराष्ट्रपति के शहर आगमन को लेकर सरोना रिंग रोड से लेकर टाटीबंध चौक तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। रिंग रोड नंबर-1 पर जगह-जगह बैरिकेड्स लगाए गए हैं। वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए मार्गों और एम्स परिसर के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

एम्स में मरीजों के लिए बदली प्रवेश व्यवस्था

वीआईपी मूवमेंट के चलते रायपुर एम्स में ओपीडी और मरीजों की आवाजाही के लिए अस्थायी बदलाव किए गए हैं। ओपीडी में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को गेट नंबर-1 से प्रवेश दिया जाएगा। मरीज और उनके परिजन गेट नंबर-3 से भी ओपीडी की ओर जा सकेंगे।

गेट नंबर-1 पर पार्किंग की व्यवस्था होने के कारण मरीजों को रजिस्ट्रेशन काउंटर तक पहुंचने के लिए कुछ दूरी पैदल तय करनी पड़ सकती है। वहीं ट्रॉमा और इमरजेंसी सेवाओं के लिए गेट नंबर-2 का उपयोग किया जाएगा।

बताया गया है कि वीआईपी मूवमेंट के कारण गेट नंबर-4 और गेट नंबर-5 बंद रहेंगे। सुरक्षा के मद्देनजर एम्स परिसर और आसपास के क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।

दीक्षांत समारोह में ये अतिथि रहेंगे मौजूद

एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, राज्यपाल रेमन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी मौजूद रहेंगे।

इसके अलावा एम्स के अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव हांडा, एम्स गुवाहाटी के प्रो. अशोक पुराणिक, एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल और केंद्र के पीएमएसवाय डायरेक्टर सचिन कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राजधानी में सुरक्षा, यातायात और एम्स परिसर की व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button