छत्तीसगढ़ कैबिनेट की अहम बैठक 9 सितंबर को, बड़े फैसलों की उम्मीद; बैठक के बाद अरुण साव करेंगे प्रेस ब्रीफिंग

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक 9 सितंबर को सुबह 11:30 बजे मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित होगी। करीब एक महीने के अंतराल के बाद होने जा रही इस कैबिनेट बैठक में प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण नीतिगत, प्रशासनिक और अन्य प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक में लिए जाने वाले फैसलों पर प्रदेश की नजर बनी हुई है।
बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव मीडिया से चर्चा करेंगे। इस दौरान वे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णयों और स्वीकृत प्रस्तावों की जानकारी मीडिया के सामने रखेंगे।
पिछली बैठक 5 अगस्त को हुई थी
इससे पहले छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की बैठक 5 अगस्त को आयोजित की गई थी। करीब एक महीने बाद होने वाली अगली बैठक को लेकर एक बार फिर महत्वपूर्ण नीतिगत और प्रशासनिक फैसलों की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, बैठक में किन प्रस्तावों को मंजूरी मिलेगी, इसकी आधिकारिक जानकारी फैसलों के बाद ही सामने आएगी।
पिछली कैबिनेट में AI मिशन को मिली थी मंजूरी
पिछली कैबिनेट बैठक में सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन’ को मंजूरी दी थी। पांच साल की अवधि वाले इस मिशन के लिए 500 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान किया गया है।
मिशन के तहत प्रदेश में 100 AI डेटा लैब और 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना है। इसके अलावा 300 से अधिक AI स्टार्टअप्स को सहायता देने का लक्ष्य रखा गया है।
सरकार ने 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण देने की योजना भी बनाई है। वहीं सरकारी सेवाओं और कामकाज को अधिक तेज, सरल और प्रभावी बनाने के लिए 50 से अधिक AI आधारित सेवाएं विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अब 9 सितंबर को होने वाली कैबिनेट बैठक में सरकार किन नए प्रस्तावों पर मुहर लगाती है और प्रदेश के लिए कौन से महत्वपूर्ण फैसले सामने आते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।



